मुनीडीह, पुटकी: शनिवार रात करीब 9 बजे रूपेश चौक के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में घायल हुए बारडूभी बस्ती निवासी 32 वर्षीय सकलदेव सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में बीसीसीएल अस्पताल लाया गया था, जहाँ से बेहतर इलाज के लिए धनबाद के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। देर रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
Powered by myUpchar
मृतक सकलदेव सिंह मुनीडीह खदान में संवेदक के अंतर्गत मुंशी के पद पर कार्यरत थे। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे बारडूभी बस्ती में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव घर पहुँचा, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। अंतिम संस्कार कपाल घाट, दामोदर नदी के तट पर किया गया।
Powered by myUpchar
सकलदेव अपने पीछे पत्नी, चार वर्षीय पुत्र, तीन वर्षीय पुत्री, माता-पिता समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से दुर्घटना की निष्पक्ष जांच और दोषी वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
मुनीडीह पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार बाइक सवार की पहचान की जा सके।
घटना के संबंध में बताया गया कि शनिवार रात सकलदेव सिंह अपनी बाइक से बारडूभी लौट रहे थे, तभी रूपेश चौक के पास एक अज्ञात बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद अज्ञात बाइक चालक बाइक समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर मुनीडीह ओपी के एसआई परशुराम चौधरी और एएसआई प्रदीप कुमार पांडेय मौके पर पहुँचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुँचाया।
प्रशासन द्वारा दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग तेज़ होती जा रही है।