Ranchi: रांची पुलिस ने डॉक्टर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर निवासी डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी बताए जा रहे *दीपू* को लोहरदगा से गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जमीन खरीदने के बहाने डॉक्टर से किया संपर्क
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा से उनकी पैतृक जमीन खरीदने के बहाने संपर्क किया था। बातचीत के बाद डॉक्टर से कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। रकम नहीं देने पर उन्हें लोहरदगा में गोली मारकर हत्या करने की धमकी भी दी गई।
एक रात में 42 बार आए कॉल
डॉक्टर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 29 जुलाई की रात उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से लगातार 42 बार कॉल और मिस्ड कॉल आए। इसके बाद उन्हें धमकी दी गई, जिससे वह काफी भयभीत हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने अरगोड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्ध की पहचान और लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया।
लोहरदगा में छापेमारी कर गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन लोहरदगा में मिली। इसके बाद Ranchi पुलिस की टीम ने वहां छापेमारी कर आरोपी दीपू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे और रंगदारी मांगने के पीछे पूरा नेटवर्क क्या था।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
*

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








