Ranchi: सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग आदिवासी बच्ची से कथित दुष्कर्म और यौन शोषण के आरोपों को लेकर झारखंड में सियासत तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस मामले में विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने राज्य सरकार से पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा देने की भी अपील की है।
आदित्य साहू ने आरोपों को गंभीर बताते हुए कहा कि बच्ची को पढ़ाई और बेहतर भविष्य का भरोसा देकर अपने आवास पर बुलाया गया था। इसके बाद उसके साथ कथित तौर पर यौन शोषण और दुष्कर्म की घटना हुई। उन्होंने शिकायत में विधायक के परिजनों पर लगाए गए मारपीट, गाली-गलौज और शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना के आरोपों का भी जिक्र किया।
सरकार को पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पीड़िता ने अपनी जान को खतरा बताया है। ऐसे में सरकार को उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और विधायक के साथ-साथ कथित रूप से संलिप्त अन्य लोगों पर भी कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाए।
इस मुद्दे पर साहू ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को भी घेरा। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पार्टी अपने विधायक के खिलाफ क्या कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झामुमो से भी उन्होंने अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।
Read More- Breaking News: निशा भगत मौत मामले में ज्योत्सना केरकेट्टा ने तोड़ी चुप्पी, कर दिया बड़ा खुलासा!
सत्ता का रसूख किसी को कानून से ऊपर नहीं बनाता
आदित्य साहू ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सत्ता का रसूख किसी को कानून से ऊपर नहीं बनाता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपी विधायक की गिरफ्तारी और पीड़िता की सुरक्षा को लेकर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई, तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। जरूरत पड़ने पर राज्यव्यापी आंदोलन भी किया जाएगा।
गौरतलब है कि विधायक भूषण बाड़ा इन आरोपों को पहले ही खारिज कर चुके हैं। उन्होंने इसे विरोधियों की साजिश बताते हुए निष्पक्ष जांच में सहयोग का भरोसा दिया है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।
Read More- कोडरमा में नकली घी बनाने के ठिकाने पर छापा, डालडा और गाय के टैग वाले डिब्बे बरामद

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







