KhabarMantra: मंगलवार देर रात भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में किए गए सटीक सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इसके मद्देनज़र गृह मंत्रालय ने परमाणु संयंत्रों, सैन्य ठिकानों, तेल रिफाइनरियों और जलविद्युत परियोजनाओं जैसे संवेदनशील प्रतिष्ठानों वाले 300 से अधिक जिलों में नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली: 55 स्थानों पर अभ्यास
राजधानी दिल्ली में बुधवार को कनॉट प्लेस, खान मार्केट और चांदनी चौक समेत कुल 55 स्थानों पर मॉक ड्रिल का आयोजन हुआ। इन अभ्यासों के दौरान हवाई हमले, आग लगने की घटनाएं और बचाव अभियान जैसे परिदृश्य दिखाए गए। नागरिकों को आपात स्थिति में सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई और बंकरों व आपात निकास रास्तों की जांच की गई।
मुंबई: क्रॉस मैदान में सुरक्षा अभ्यास
मुंबई के क्रॉस मैदान में आयोजित मॉक ड्रिल में भीड़-भाड़ वाले इलाके में सायरन बजने के बाद नागरिकों की तत्काल प्रतिक्रिया का अभ्यास किया गया। लोग जमीन पर लेटकर कानों को हाथों से बंद करते नजर आए। साथ ही, आपात चिकित्सा सेवा, घायलों की मदद और भीड़ प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया।
हरियाणा: ऑपरेशन ब्लैकआउट
हरियाणा में इस अभियान को ‘ऑपरेशन ब्लैकआउट’ नाम दिया गया। शाम 4:00 बजे राज्य के सभी 22 जिलों में मॉक ड्रिल की गई। राज्य सरकार ने नागरिकों से अपील की कि वे शाम 7:50 से 8:00 बजे तक अपने घरों की सभी लाइटें बंद रखें, ताकि रात के समय संभावित हवाई हमले के दौरान ब्लैकआउट की स्थिति बनाई जा सके। राज्य के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने अभ्यास की समीक्षा की।
नागरिक जागरूकता और तैयारी
गृह मंत्रालय के अनुसार इस अभ्यास का उद्देश्य आम नागरिकों को आपदा की स्थिति में सतर्कता, बचाव उपाय और सहयोग के लिए प्रशिक्षित करना है। यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी जिलों में बंकरों, खंदकों और आपात निकास व्यवस्थाओं की नियमित सफाई व पुनरीक्षण हो।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









