Dhanbad: वासेपुर के गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान की गिरफ्तारी के बाद सोमवार को पुलिस उसे लेकर कमर मकदुम्मी स्थित उसके आवास पर जांच-पड़ताल के लिए पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही वहां अचानक माहौल बिगड़ गया। स्थानीय लोगों में बंटी खान को लेकर आक्रोश देखने को मिला और कुछ लोगों ने पुलिस के सामने ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और लोगों को पीछे हटाया। इसके बाद पुलिस बंटी खान को सुरक्षित वहां से निकालकर थाना ले गई। घटना के दौरान मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई थी।
पुलिस के सामने बंटी खान से मारपीट
पुलिस बंटी खान को लेकर उसके आवास पर पहुंची थी, जहां कुछ देर तक जांच-पड़ताल की गई। इसी दौरान स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया। देखते ही देखते कुछ लोगों ने बंटी खान को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह लोगों को रोका और बंटी खान को वहां से बाहर निकाला। इसके बाद उसे थाना ले जाया गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस कर रही पूछताछ
बंटी खान को पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे धनबाद लाया गया था। बैंक मोड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने उसका पैदल परेड भी कराया था। इस दौरान धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी मो. एस. याकूब समेत पुलिस के अधिकारी मौजूद थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बंटी खान से पूछताछ में गैंग से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। उसकी निशानदेही पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस उसके स्थानीय संपर्कों और गैंग की गतिविधियों से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या बंटी खान फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भागने की तैयारी में था। फिलहाल पुलिस उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की तैयारी में है। आगे की पूछताछ के लिए कोर्ट से रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








