बराकर: करीब 290 करोड़ रुपये के कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के बराकर में छापेमारी की। जांच एजेंसी की टीम ने हनुमान चढ़ाई इलाके में उद्योगपति सोनू अग्रवाल के भाई अनिल अग्रवाल के आवास पर तलाशी अभियान चलाया। सुबह करीब छह बजे पांच वाहनों से पहुंची टीम ने केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, ईडी ने कोहिनूर पावर प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में दुर्गापुर और कोलकाता समेत सात ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इसी सिलसिले में अनिल अग्रवाल का आवास भी जांच के दायरे में आया।
290 करोड़ के बैंक ऋण के दुरुपयोग का आरोप
मामला झारखंड में कोहिनूर पावर प्राइवेट लिमिटेड की प्रस्तावित 66 मेगावाट बिजली परियोजना से जुड़ा है। आरोप है कि कंपनी ने परियोजना के नाम पर विभिन्न बैंकों से करीब 290 करोड़ रुपये का ऋण लिया था।
आरोपों के अनुसार, ऋण की राशि का इस्तेमाल निर्धारित परियोजना में करने के बजाय समूह की दूसरी कंपनियों में स्थानांतरित किया गया। इसके अलावा कुछ रकम निजी कार्यों में खर्च किए जाने का भी आरोप है। ईडी इन्हीं कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रही है।
सात ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई
बराकर में छापेमारी के दौरान आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। बताया गया कि पांच वाहनों से पहुंची टीम में से करीब एक घंटे बाद दो वाहन लौट गए, जबकि तीन वाहन मौके पर मौजूद रहे।
अंतिम सूचना मिलने तक तलाशी अभियान जारी था। जांच के दौरान किन दस्तावेजों या अन्य साक्ष्यों की बरामदगी हुई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल ईडी की कार्रवाई और जांच में सामने आने वाले तथ्यों का इंतजार है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







