Ranchi: झारखंड सरकार ने Google के साथ डिजिटल हेल्थ और तकनीकी सहयोग को लेकर जो समझौता किया है, उसे राज्य के विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह केवल एक एमओयू नहीं, बल्कि झारखंड के लिए डिजिटल क्रांति की शुरुआत है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), टेलीमेडिसिन और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बढ़ेगा, जिससे आम लोगों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
डॉ. अंसारी ने इस पहल का श्रेय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरदर्शी सोच को देते हुए कहा कि पहली बार झारखंड को वैश्विक टेक कंपनियों के साथ जोड़ने की गंभीर पहल की गई है। उनका कहना है कि इससे राज्य के युवाओं को नई तकनीक सीखने, रोजगार पाने और दुनिया के बड़े प्लेटफॉर्म तक पहुंचने का मौका मिलेगा।
जामताड़ा अब साइबर टेक्नोलॉजी और AI इनोवेशन का नया केंद्र बनेगा
उन्होंने Google के वरिष्ठ अधिकारी राकेश रंजन का भी उल्लेख किया, जो झारखंड से जुड़े हैं। मंत्री ने कहा कि अब उनके अनुभव का लाभ राज्य को मिलेगा और वे युवाओं को वैश्विक स्तर के अवसरों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगे।
डॉ. अंसारी ने खास तौर पर जामताड़ा का जिक्र करते हुए कहा कि अब यह जिला साइबर अपराध नहीं, बल्कि साइबर टेक्नोलॉजी और AI इनोवेशन का नया केंद्र बन सकता है। सही प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग मिलने पर यहां के युवा अपनी प्रतिभा से देश-दुनिया में नई पहचान बना सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार Google के सहयोग से डिजिटल हेल्थ, एआई आधारित स्वास्थ्य सेवाएं, स्किल डेवलपमेंट और रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे। उनका मानना है कि यह साझेदारी झारखंड को तकनीक, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा करने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









