Ranchi: पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता योगेंद्र साव को लेकर झारखंड की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। JMM नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से साव के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग के बीच उनकी बेटी और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने पलटवार किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि योगेंद्र साव के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने वाले JMM नेताओं और कार्यकर्ताओं के बयान क्या खुद पार्टी अनुशासन के दायरे में आते हैं।
गठबंधन सरकार के भीतर बढ़ती बयानबाजी को लेकर चिंता
अंबा प्रसाद ने कहा कि JMM के कुछ कार्यकर्ता उनके पिता के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और व्यक्तिगत टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने JMM महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य से सवाल किया कि क्या ऐसे बयानों पर भी पार्टी के स्तर से अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने पिता के कुछ बयानों पर खुद असहमति जताई है और व्यक्तिगत टिप्पणी का विरोध किया है। इसके बावजूद JMM कार्यकर्ताओं की ओर से जिस तरह की बयानबाजी की जा रही है, उसे लेकर उन्होंने सवाल उठाए।
अंबा प्रसाद ने गठबंधन सरकार के भीतर बढ़ती बयानबाजी को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि गठबंधन के अंतर्विरोध अब सार्वजनिक मंच तक पहुंचते दिख रहे हैं, जिसका राजनीतिक असर पड़ सकता है।
हेमंत सोरेन पूरे झारखंड के मुख्यमंत्री हैं या केवल JMM के
उन्होंने JMM कार्यकर्ताओं के भाषण में मुख्यमंत्री को लेकर इस्तेमाल किए जा रहे ‘मेरे मुख्यमंत्री’ और ‘मेरे मुखिया’ जैसे शब्दों पर भी सवाल उठाया। अंबा ने कहा कि हेमंत सोरेन पूरे झारखंड के मुख्यमंत्री हैं या केवल JMM के, यह सवाल उठना स्वाभाविक है।
योगेंद्र साव के हालिया बयान के बाद JMM ने कांग्रेस नेतृत्व से मामले में संज्ञान लेने की मांग की है। वहीं कांग्रेस की अनुशासन समिति ने साव को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों में जवाब मांगा है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









