Entertainment News: पॉपुलर टीवी शो ” Anupama” के सेट पर सोमवार सुबह भीषण आग लगने की घटना सामने आई है. यह हादसा मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में सुबह करीब 5 बजे हुआ. मौके पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां आग बुझाने पहुंची.
सेट पर मौजूद थे स्टाफ और क्रू मेंबर्स
आग लगने के समय सेट पर कई स्टाफ और क्रू मेंबर्स मौजूद थे. अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है. हालांकि, धुएं और आग की लपटों के बीच सेट पर अफरा-तफरी मच गई और सभी लोग भागकर बाहर निकले.
कृष्णकुंज और कोठारी हाउस सेट को हुआ नुकसान
रिपोर्ट्स के अनुसार, ” Anupama” सीरियल में दिखाए जाने वाले कृष्णकुंज हाउस और कोठारी हाउस के कुछ हिस्से आग में जलकर खाक हो गए हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर All Indian Cine Workers Association (AICWA) ने दो वीडियो शेयर किए हैं, जिनमें सेट धू-धू कर जलता हुआ नजर आ रहा है.
देखें वीडियो:
View this post on Instagram
AICWA ने उठाए गंभीर सवाल
AICWA अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने बताया कि सुबह 7 बजे से शूटिंग शुरू होने वाली थी और मजदूर फ्लोर पर तैयारी में जुटे थे. उन्होंने कहा कि, फिल्म सिटी में हर बार आग लगती है क्योंकि सेट लकड़ी के बने होते हैं. ना तो फायर सेफ्टी चेक होती है, ना कोई निरीक्षण. फिल्म सिटी के मैनेजिंग डायरेक्टर, चैनल, प्रोड्यूसर और लेबर कमिश्नर – सभी की मिलीभगत से सुरक्षा को नजरअंदाज किया जाता है.
read more- बिहार में IPS अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, जाने कौन कहां गया..
आगे सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. उन्होंने यहां तक कहा कि यह भी देखा जाए कि आग दुर्घटनावश लगी या फिर किसी सब्सिडी फर्जीवाड़े के तहत लगवाई गई. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई मजदूर हताहत तो नहीं हुआ.













