Bihar: बिहार के जमुई जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। टाउन थाना क्षेत्र के सिकहरिया गांव में एक महिला ने अपने रिश्ते के भतीजे से मंदिर में शादी कर ली — वो भी अपने पहले पति की मौजूदगी में। इस घटना ने न सिर्फ गांव में हलचल मचा दी है, बल्कि पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई नजदीकियां, मंदिर में बना जीवनसाथी
जानकारी के अनुसार, आयुषी नाम की महिला की शादी वर्ष 2021 में विशाल दुबे नामक युवक से हुई थी। दोनों की एक चार साल की बेटी भी है। लेकिन कुछ समय बाद आयुषी की नजदीकियां रिश्ते में भतीजे लगने वाले सचिन दुबे से बढ़ने लगीं।
दोनों की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। करीब दो साल तक चला यह प्रेम-प्रसंग आखिरकार शादी में तब्दील हो गया।
पहले पति ने दी मंजूरी, कोर्ट में तलाक की अर्जी
बीते रविवार को दोनों प्रेमी फरार हो गए थे, लेकिन शुक्रवार को गांव लौटकर मंदिर में शादी कर ली। हैरानी की बात यह रही कि इस शादी में आयुषी का पहला पति विशाल भी मौजूद था और उसने खुद इस रिश्ते को स्वीकार करते हुए कोई आपत्ति नहीं जताई।
आयुषी ने अपने पहले पति पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कोर्ट में तलाक की अर्जी भी दे दी है। वहीं, बेटी की जिम्मेदारी भी पहले पति को सौंप दी गई है।
ग्रामीणों में नाराजगी, समाज में उठा सवाल
इस अनोखे विवाह से गांव में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने इसे समाज के लिए शर्मनाक करार देते हुए दोनों को गांव में घुसने से भी मना कर दिया है। कई लोगों का मानना है कि इस तरह के रिश्ते सामाजिक व्यवस्था को तोड़ते हैं और युवाओं पर गलत असर डाल सकते हैं।
पुलिस जांच में निकला प्रेम-प्रसंग का मामला
थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि शुरू में महिला के पहले पति ने अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन जांच में यह मामला प्रेम-प्रसंग का निकला। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान के आधार पर जांच कर रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









