पिपरा: थाना क्षेत्र के बेहरावां गांव में सोमवार को पुलिस की कार्रवाई के दौरान अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों के मुताबिक, बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के गांव पहुंचने के बाद लोगों में दहशत फैल गई। कार्रवाई से बचने के लिए करीब 50 से 60 लोगों के पुनपुन नदी में कूदने की बात सामने आई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में अचानक भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा, जिसके बाद लोग इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते कई लोग नदी की ओर चले गए और अपनी जान बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी।
नदी में ईंट-पत्थर फेंकने का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार, भगदड़ के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच ईंट-पत्थर चलने की घटना भी हुई। आरोप है कि इसके बाद पुलिस की ओर से भी नदी की तरफ ईंट-पत्थर फेंके गए। नदी में कूदे लोग तैरकर दूसरे किनारे जाने की कोशिश कर रहे थे।
ग्रामीणों का दावा है कि इस दौरान नदी में पत्थर गिरने के कारण लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हुई। हालांकि, तैरने में सक्षम कई लोग किसी तरह दूसरे किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
दो लोगों की डूबने से मौत
इस घटना में दो लोगों की डूबने से मौत होने की जानकारी है। मृतकों की पहचान फुलवारी शरीफ के ढिबरा निवासी आकाश मांझी और करीब 60 वर्षीय राम मांझी के रूप में बताई जा रही है।
बताया गया कि आकाश अपनी नानी के घर बेहरावां आया हुआ था। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों ने नदी से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई के बाद कई लोग गांव छोड़कर चले गए हैं। बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिए जाने की बात भी सामने आ रही है।
फिलहाल गांव में पुलिस बल की मौजूदगी बनी हुई है। घटना को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर क्या जानकारी दी गई है और कार्रवाई की वजह क्या थी, इसकी पुष्टि का इंतजार है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis












