Ranchi: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 (SIR) के बीच मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-7 को लेकर सियासत तेज हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM), कांग्रेस, राजद और भाकपा (माले) के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंट (BLA) के पास कथित तौर पर भरे हुए फॉर्म-7 मिलने के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में JMM महासचिव विनोद कुमार पांडेय, विधायक विकास मुंडा, विधायक एमटी राजा और विधायक सुदीप गुडिया शामिल रहे। कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, राजद से मनोज पांडेय और आबिद अली तथा भाकपा (माले) से हलधर महतो प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे।
मतदाताओं के नाम हटाने की साजिश की आशंका
ज्ञापन में गढ़वा, गोड्डा और चतरा जिलों के कुछ बूथों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं और BLA के पास बड़ी संख्या में भरे हुए फॉर्म-7 मिले। ज्ञापन में आशंका जताई गई है कि इनका इस्तेमाल पात्र मतदाताओं के नाम हटाने के लिए किया जा सकता है।
Read More- कोडरमा में एक साथ कई थाना प्रभारियों का तबादला, यहां देखें लिस्ट
गठबंधन नेताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने संबंधित जिलों में हाल में जमा किए गए फॉर्म-7 के आधार पर नाम हटाने की प्रक्रिया रोकने और प्रत्येक आपत्ति का घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन कराने का आग्रह किया।
दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को प्रक्रिया की निगरानी मजबूत करने तथा मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है। साथ ही निर्भीकता से काम करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को सम्मानित करने का आग्रह किया गया।
Read More- कोडरमा में खून का रिश्ता शर्मसार! नाबालिग के साथ हैवानियत, पिता गिरफ्तार
प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि पात्र मतदाताओं के नाम अवैध रूप से हटाने की कोशिशों पर रोक नहीं लगी तो राज्यव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









