आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल में चोरों ने फ्लिपकार्ट के एक ऑनलाइन डिलीवरी हब को निशाना बनाया है। आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के धधका शीतला मोड़ स्थित हब का शटर तोड़कर करीब दो लाख रुपये नकद चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। चोर कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क और डीवीआर भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह फ्लिपकार्ट हब बाईपास रोड पर जिला भाजपा कार्यालय के ठीक सामने स्थित है। गुरुवार सुबह कार्यालय का शटर खुला मिलने के बाद चोरी की जानकारी सामने आई।
सुबह 5:30 बजे मिली चोरी की जानकारी
फ्लिपकार्ट हब के एचआर रूपेश कुमार रावत ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे सीनियर टीम लीडर ने फोन कर कार्यालय का शटर खुला होने की सूचना दी। इसके बाद वह सुबह करीब 6 बजे हब पहुंचे।
कार्यालय के अंदर जाने पर अलमारी और लॉकर टूटे हुए मिले। जांच में लॉकर में रखे करीब दो लाख रुपये नकद गायब पाए गए। इसके बाद तत्काल आसनसोल उत्तर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
मोबाइल और अन्य शिपमेंट की भी जांच
चोरी की इस वारदात में नकदी के अलावा अन्य सामान का भी नुकसान होने की आशंका है। हब में रखे मोबाइल फोन और दूसरे शिपमेंट की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नकदी के अलावा कितने मूल्य का सामान चोरी हुआ है।
घटनास्थल के पास मिले गैती और सब्बल
सूचना मिलने पर आसनसोल उत्तर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को कार्यालय के पास स्थित एक गली से गैती और सब्बल जैसे औजार मिले हैं।
आशंका जताई जा रही है कि इन औजारों का इस्तेमाल शटर, अलमारी और लॉकर तोड़ने में किया गया होगा। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
CCTV का DVR भी ले गए चोर
इस वारदात में सबसे अहम बात यह है कि नकदी चोरी करने के साथ ही चोर सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क और डीवीआर भी ले गए। इससे कार्यालय के अंदर की रिकॉर्डिंग के जरिए आरोपियों की पहचान करने में मुश्किल हो सकती है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी में कितने लोग शामिल थे और वारदात को किस समय अंजाम दिया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है। चोरी से हुए कुल नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








