Ranchi: साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र में जमीन विवाद में खूनी खेल का मामला सामने आया है जहां एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान छोटा उदाली गांव निवासी सीताराम हेंब्रम उर्फ जलका हेंब्रम के रुप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
लंबे समय से चल रहा था जमीन विवाद
मृतक की पत्नी मीरू मरांडी के अनुसार, बड़ा उदाली निवासी जेठा हेंब्रम के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार रात करीब नौ बजे आरोपी उनके घर पहुंचा और दारू मांगने लगा। जब सीताराम हेंब्रम ने दारू नहीं होने की बात कही तो आरोपी ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर गोली चला दी। गोली सिर के आर-पार हो गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बरहेट थाना पुलिस गांव पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जमीन विवाद हत्या की मुख्य वजह मानी जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।







