Ranchi: राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित वीआईपी इलाका अशोक नगर रोड नंबर-5B में बुधवार देर रात चोरी की कोशिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। स्थानीय निवासी निशित केशरी के घर में दो संदिग्ध चोर घुसने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सुरक्षा में तैनात निजी बॉडीगार्ड की नजर दोनों पर पड़ गई।
बॉडीगार्ड ने चोरों को रोकने और पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आत्मरक्षा के लिए उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाली, लेकिन अफरा-तफरी में हथियार से अचानक मिसफायर हो गया। गोली सीधे बॉडीगार्ड को ही लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली की आवाज सुनते ही दोनों चोर मौके से फरार हो गए।
तीन थानोें की पुलिस मौके पर पहुंची
घायल सुरक्षाकर्मी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा, जगन्नाथपुर और कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।










