KhabarMantra: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते दोनों देशों ने एक-दूसरे के खिलाफ कड़े कदम उठाए हैं। हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले, जिसमें 26 लोगों की जान गई, के बाद भारत ने पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई की। इसके जवाब में पाकिस्तान ने भारतीय गानों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है।
पाकिस्तान ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन (PBA) ने गुरुवार, 1 मई को आदेश जारी कर देशभर के एफएम रेडियो स्टेशनों पर भारतीय गानों के प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह निर्णय भारत द्वारा पाकिस्तानी कलाकारों के इंस्टाग्राम अकाउंट्स को ब्लॉक किए जाने और कई पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों को भारत में प्रतिबंधित करने के जवाब में लिया गया है।
PBA के महासचिव शकील मसूद ने इस प्रतिबंध की पुष्टि करते हुए कहा कि यह कदम भारतीय मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की अनुचित कार्रवाई के विरोध में उठाया गया है। उन्होंने बताया कि यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है और सभी एफएम रेडियो स्टेशनों को भारतीय गानों के प्रसारण से रोक दिया गया है।
गौरतलब है कि भारत में हानिया आमिर, माहिरा खान समेत कई प्रसिद्ध पाकिस्तानी कलाकारों के इंस्टाग्राम अकाउंट्स को हाल ही में ब्लॉक कर दिया गया था। इसके अतिरिक्त, भारत सरकार ने कुछ पाकिस्तानी प्रोडक्शन हाउस के यूट्यूब चैनलों पर भी प्रतिबंध लगा दिया था।
भारतीय गाने, विशेषकर लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, किशोर कुमार और मुकेश जैसे महान गायकों के गीत, पाकिस्तान में बेहद लोकप्रिय रहे हैं और अक्सर एफएम चैनलों पर सुने जाते हैं। लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए अब इन गानों का प्रसारण पाकिस्तान में पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis






