KhabarMantra: झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया है कि भारत रत्न और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर झारखंड में राजकीय अवकाश घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने विशेष रूप से वंचित और उपेक्षित वर्गों के लिए जो योगदान दिया है, वह अत्यंत महत्वपूर्ण है, और उनकी जयंती व पुण्यतिथि पर सरकारी स्तर पर समारोह आयोजित होना चाहिए।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में तिर्की ने सुझाव दिया कि झारखंड में आर्थिक-सामाजिक विकास में नाई समाज की अहम भूमिका रही है, और इस समुदाय की उपस्थिति राज्य के शहरी व ग्रामीण इलाकों में व्यापक है। उन्होंने झारखंड में “केश कला बोर्ड” के गठन की मांग की, ताकि इस समुदाय को संगठित रूप से सहायता मिल सके।
बंधु तिर्की ने यह भी कहा कि नाई जाति को सीएनटी एक्ट 1908 से पूर्णतः मुक्त किया जाए और उन्हें भूमि व्यवसाय, बैंक ऋण आदि में कानूनी अधिकार दिए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने इस समुदाय को ओबीसी से हटाकर अनुसूचित जाति श्रेणी में शामिल करने की आवश्यकता पर भी ज़ोर दिया।
शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने नाई समाज के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए सब्सिडी और संरक्षण प्रदान करने तथा प्रत्येक प्रखंड और मंडल में “कर्पूरी भवन” की स्थापना की मांग की है, ताकि इस समुदाय का तेज़ी से सामाजिक और आर्थिक विकास हो सके।












