Nepal: नेपाल में सोशल मीडिया बैन और सिस्टम में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़कों पर उतरे युवाओं के आंदोलन ने बड़ी जीत दर्ज की है। सरकार लगातार दबाव में आती गई और पहले गृह मंत्री, कृषि मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने इस्तीफा दिया। अब सबसे बड़ा झटका नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा देकर दिया है।
आज शाम 6 बजे ओली ने सर्वदलीय बैठक बुलाने का ऐलान किया था। बैठक से पहले जारी अपने पत्र में उन्होंने लिखा था—
*”मैं स्थिति का आकलन करने और एक सार्थक निष्कर्ष निकालने के लिए संबंधित पक्षों के साथ बातचीत कर रहा हूं। इसके लिए मैंने आज शाम 6 बजे सर्वदलीय बैठक भी बुलाई है। मैं सभी भाइयों और बहनों से विनम्र निवेदन करता हूँ कि इस कठिन परिस्थिति में धैर्य बनाए रखें।”*
हालांकि बैठक शुरू होने से पहले ही पीएम ओली ने पद छोड़ने का ऐलान कर दिया।
नेपाल सरकार ने हाल ही में सोशल मीडिया पर बैन लगाने का निर्णय लिया था, जिसके खिलाफ खासकर Gen-Z युवा सड़क पर उतर आए। आंदोलन ने देखते ही देखते पूरे देश में जोर पकड़ लिया और युवाओं का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा था।
सरकार पर दबाव इतना बढ़ा कि पहले तीन मंत्रियों ने इस्तीफा दिया और अब प्रधानमंत्री के इस्तीफे ने राजनीतिक संकट को और गहरा कर दिया है।













