Bihar News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान जारी है। राज्यभर में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी बूथों पर सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है। करीब 4.5 लाख सुरक्षा कर्मियों को चुनावी ड्यूटी पर लगाया गया है, जिनमें 1500 कंपनी केंद्रीय बलों की शामिल हैं। इसके साथ ही 60 हजार बिहार पुलिस कर्मी, 30 हजार बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस, 22 हजार होमगार्ड, 20 हजार प्रशिक्षु सिपाही और 1.5 लाख चौकीदार भी तैनात किए गए हैं।
चुनाव के मद्देनजर नेपाल सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया है। सशस्त्र सीमा बल (SSB) और बिहार पुलिस की टीमें संयुक्त पेट्रोलिंग कर रही हैं। सीमावर्ती जिलों को भी अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
आपात स्थिति से निपटने के लिए बिहार पुलिस ने क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया है, जिसमें एटीएस (ATS) और एसटीएफ (STF) के कमांडो शामिल हैं। वहीं हर जिले में वीआईपी सुरक्षा पूल तैयार किया गया है, जिसमें एनएसजी (NSG) से प्रशिक्षित पुलिसकर्मी तैनात हैं। दियारा क्षेत्र में घुड़सवार दल की तैनाती भी की गई है।
पहले चरण में 18 जिलों में वोटिंग हो रही है, जिनमें भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, सिवान और सारण जैसे जिले शामिल हैं जो यूपी की सीमा से सटे हैं। यहां विशेष चौकसी के लिए अतिरिक्त चेकपोस्ट बनाए गए हैं और वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
पटना के वेटनरी कॉलेज मतदान केंद्र पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और राजश्री यादव ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तेजस्वी यादव ने मतदान के बाद कहा, “बदलाव की लहर पूरे बिहार में है, जनता रोजगार और विकास पर वोट दे रही है।”
सुबह 9 बजे तक 11.22% मतदान की सूचना है। वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
वहीं, मुजफ्फरपुर जिले के तीन बूथों पर स्थानीय लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क, बिजली और पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है और नेताओं ने अब तक केवल वादे ही किए हैं।













