Ranchi: भाजपा ने विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) के दौरान सामने आए दो मामलों को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से लिखित शिकायत की है। पार्टी ने पश्चिमी सिंहभूम जिले में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले बैग के कथित इस्तेमाल और जगन्नाथपुर विधानसभा के एक मतदान केंद्र पर मतदाताओं के नाम दो स्थानों पर दर्ज होने के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं SIR-2026 के प्रदेश संयोजक राकेश प्रसाद ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को भेजे गए अलग-अलग पत्रों में कहा कि निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र और निष्पक्ष संवैधानिक संस्था है। ऐसे में यदि पुनरीक्षण कार्य के दौरान किसी राजनीतिक व्यक्ति की तस्वीर वाले बैग का इस्तेमाल हुआ है, तो इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
अलग-अलग EPIC नंबर मौजूद
दूसरी शिकायत में भाजपा ने दावा किया है कि जगन्नाथपुर विधानसभा के मतदान केंद्र संख्या-176 पर कुछ मतदाताओं के नाम एक ही बूथ पर एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं और कथित रूप से अलग-अलग EPIC नंबर भी मौजूद हैं।
पार्टी ने इस मामले में भी जांच की मांग करते हुए संबंधित दस्तावेज और प्रमाण शिकायत के साथ संलग्न किए हैं। फिलहाल निर्वाचन आयोग की ओर से इन शिकायतों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।










