Ranchi: जमशेदपुर के चर्चित करणी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के नामजद आरोपी और डीडी बार के मालिक तथा भाजपा नेता नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है।
3.5 करोड़ रुपये कीमत की लग्जरी कार समेत दो वाहन भी जब्त
पुलिस के मुताबिक, मोबाइल सर्विलांस के जरिए उनकी लोकेशन ट्रेस की गई। वह अपने बेटे के साथ खाटू श्याम धाम में दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी सीकर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। दूसरी ओर, डीडी बार के मैनेजर विजय कुमार को भी ओडिशा से हिरासत में लिया गया है।
बता दें कि नीरज सिंह की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर अदालत में सुनवाई होनी थी। इस बीच विशेष जांच टीम (एसआईटी) लगातार उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। जांच के दौरान मानगो स्थित आवास से करीब 3.5 करोड़ रुपये कीमत की लग्जरी कार समेत दो वाहन भी जब्त किए गए। पुलिस ने उनकी तलाश में कई राज्यों में अभियान चलाया था।
कई आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं
यह मामला 27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में हुए हिंसक विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि विवाद के बाद कुल्हाड़ी, चाकू और अन्य धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें करणी सेना नेता हिमांशु सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान 29 जून को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में उनकी मौत हो गई। वहीं, उनके साथी प्रत्युष आनंद का इलाज अब भी जारी है।
पुलिस ने इस मामले में कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि, मुख्य शूटर और दो लाख रुपये का इनामी आरोपी विश्वनाथ मंडल अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









