Ranchi: झारखंड की दो राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। सोमवार को उद्योगपति परिमल नथवाणी के निर्दलीय नामांकन और उन्हें भाजपा के समर्थन पर राजद ने तीखा हमला बोला है। प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने कड़े शब्दों में कहा कि राज्यसभा चुनाव में नामांकन के पहले ही दिन भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह ‘एक्सपोज्ड’ (बेनकाब) हो गई है।
बाबूलाल मरांडी और आदित्य साहू के दावों की खुली पोल
राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि विगत दिनों प्रदेश बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी और अध्यक्ष आदित्य साहू ने बड़े-बड़े दावे किए थे। उन्होंने कहा था कि दो सीटों पर होने वाले आगामी राज्यसभा चुनाव में बीजेपी अपना अधिकृत उम्मीदवार उतारेगी, लेकिन आज उनका यह दावा पूरी तरह ‘टाय-टाय फिस’ हो गया। भाजपा को मुंह छिपाने के लिए एक निर्दलीय उम्मीदवार के पीछे खड़ा होना पड़ा है।
‘बीजेपी के पास नहीं है 28 वोट का जरूरी संख्या बल’
कैलाश यादव ने कहा कि राजद पहले से ही यह दावा करती रही है कि मुख्य विपक्षी दल भाजपा के पास राज्यसभा की एक सीट के लिए भी जरूरी संख्या बल नहीं है। सर्वविदित है कि झारखंड से राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए कम से कम 28 वोटों की जरूरत होती है। भाजपा के पास यह आंकड़ा नहीं था, फिर भी वह राज्य की जनता को भरमाने का काम करती रही और अंततः एक उद्योगपति को समर्थन देकर झारखंड के लोगों को धोखा दिया है।
Read More- गिरिडीह में पिता बना जल्लाद-तीन बेटियों को धारदार हथियार से काट डाला फिर…
गौरव वल्लभ के नाम पर पर्चा खरीदकर आंखों में झोंकी धूल: RJD
राजद नेता ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा बखूबी जानती है कि उसके पास पर्याप्त विधायक नहीं हैं, इसके बावजूद परिमल नथवाणी को बैकडोर से सपोर्ट देकर राज्य में धनबल और ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ (विधायकों की खरीद-फरोख्त) के गंदे खेल की शुरुआत की गई है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी लाज बचाने के लिए नथवाणी को ‘समर्थित निर्दलीय’ कह रही है, जबकि सच्चाई यह है कि पहले गौरव वल्लभ के नाम पर पर्चा खरीदकर लोगों की आंखों में धूल झोंकने का ड्रामा किया गया।
Read More- कोडरमा में युवक की बेरहमी से हत्या, कुंए से मिला शव-जांच में जुटी पुलिस
कैलाश यादव ने आक्रोश जताते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष झारखंड के गरीब परिवारों को अपना परिवार बताते हैं, लेकिन जब मौका आया तो धन्ना सेठ उद्योगपतियों को उम्मीदवार बनाकर गरीबों के मुंह पर तमाचा मारने का काम किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि राज्यसभा चुनाव में भाजपा के इस कथित खेल और प्रायोजित हॉर्स ट्रेडिंग को विपक्ष पूरी तरह बेनकाब कर जनता के सामने सार्वजनिक करेगा।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









