Jharkhand News: झारखंड में नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया का आज अंतिम दिन रहा। राजधानी रांची में मेयर पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और अलग-अलग दलों के प्रत्याशी नामांकन दाखिल करते नजर आए। बीते दिनों कांग्रेस की ओर से रमा खलखो ने मेयर पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था, वहीं आज भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी रोशनी खलखो ने भी अपने समर्थकों के साथ जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन भरा।
रोशनी खलखो भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ समाहरणालय पहुंचीं। उनके नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ देखने को मिली और समर्थकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान हटिया के विधायक नवीन जायसवाल सहित भाजपा के कई शहरी नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इसके अलावा अन्य संगठनों के समर्थक भी उनके समर्थन में दिखाई दिए।
मीडिया से बातचीत करते हुए रोशनी खलखो ने कहा कि रांची के समग्र विकास के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगी। उन्होंने बताया कि शहर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना, लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और हर वार्ड तक बेहतर सेवाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
नामांकन के अंतिम दिन के साथ ही रांची में मेयर पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल और भी गर्म हो गया है। अब सभी प्रत्याशी चुनाव प्रचार में जुटेंगे और शहर के विकास को लेकर जनता के बीच अपनी योजनाएं रखेंगे।










