Dhanbad: धनबाद जिले के चिरकुंडा थाना क्षेत्र के पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मृतक की पहचान सोनारडंगर निवासी राहुल शर्मा के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर मंदिर के समीप पड़े युवक के शव पर पड़ी। इसके बाद देखते ही देखते घटना की खबर पूरे इलाके में फैल गई। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। इधर, जानकारी मिलने पर चिरकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
शराब सेवन की बात सामने आई, मौत का कारण अब भी रहस्य
मृतक के पिता बिरजू शर्मा ने बताया कि राहुल कभी-कभी शराब का सेवन करता था, लेकिन उसका किसी के साथ लड़ाई-झगड़ा नहीं था। उन्होंने आशंका जताई कि संभवतः शराब के नशे में गिरने के कारण उसकी मौत हुई हो। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
वहीं, मृतक की पत्नी ने परिवार में अक्सर होने वाले लड़ाई-झगड़े और कलह की बात कही है। पत्नी के इस बयान के बाद मामले को लेकर कई तरह के सवाल भी उठने लगे हैं।
पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ में जुटी
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही राहुल की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








