Dhanbad: धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के ढांगी बस्ती स्थित मड़ई थान के आगे चटनियां पुल के सामने जंगल में शुक्रवार को एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों से बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर बलियापुर थाना पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
महिला का सिर धड़ से अलग था
बताया जाता है कि स्थानीय निवासी किशोर कुमार महतो शुक्रवार को शौच के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर एक महिला के पैर पर पड़ी। संदेह होने पर उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीणों के पहुंचने पर जंगल में महिला का शव पड़ा मिला। महिला का सिर धड़ से अलग था। इसके बाद आशीष महतो ने घटना की सूचना बलियापुर थाना पुलिस को दी।
धड़ जंगल में दूसरे स्थान पर पड़ा मिला
पुलिस के अनुसार महिला का सिर प्लास्टिक के बोरे में मिला, जबकि धड़ जंगल में दूसरे स्थान पर पड़ा था। घटनास्थल से अगरबत्ती समेत कुछ पूजा सामग्री मिलने की भी बात सामने आई है। पूजा सामग्री मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीण महिला की हत्या को कथित नरबलि से जोड़कर आशंका जता रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक नरबलि की पुष्टि नहीं की है।
बलियापुर थाना के एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि महिला की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच होने का अनुमान है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
रांची से एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड बुलाया गया
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रांची से एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया है। दोनों टीमों की जांच के बाद घटनास्थल से महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस महिला की पहचान के साथ-साथ हत्या के कारण और वारदात को अंजाम देने वाले लोगों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की हत्या किसने और किस वजह से की।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







