बोकारो, झारखंड: झारखंड के बोकारो जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट स्थित रांची मुहल्ले में चॉकलेट मांगने पर एक मामा ने अपने ही 3 साल के मासूम भांजे को खिलौना समझकर असली पिस्टल थमा दी। बच्चे ने जैसे ही ट्रिगर दबाया, गोली उसके सिर को चीरते हुए निकल गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
दूध-रोटी खाते वक्त हुआ हादसा
मृतक बच्चे की मां ने रोते हुए बताया कि शनिवार सुबह वह अपने 3 साल के बेटे साहिल राज को दूध-रोटी खिला रही थी। तभी उसका 21 वर्षीय भाई राजेश कुमार घर पहुंचा। मामा को देखते ही मासूम साहिल ने उससे चॉकलेट की जिद की। राजेश ने चॉकलेट न देकर उसे बहलाने के लिए एक ‘खिलौना’ देने की बात कही और अपनी पिस्टल उसके हाथ में थमा दी।
मां को जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह कोई खिलौना नहीं, बल्कि एक असली और जानलेवा हथियार है। मासूम साहिल उसे खिलौना समझकर खेलने लगा, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और चली गोली ने पलभर में हंसते-खेलते बच्चे की जिंदगी छीन ली।
मामा फरार, पुलिस की छापेमारी जारी
गोली की आवाज सुनकर जब तक परिजन और आसपास के लोग मौके पर दौड़े, तब तक आरोपी मामा राजेश कुमार घर से फरार हो चुका था। घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही माराफारी इंस्पेक्टर संजय कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल जब्त कर ली है और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी मामा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।
वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक। झारखंड, बिहार और राष्ट्रीय राजनीति, शिक्षा, प्रशासनिक मामलों और विकास नीतियों पर 10+ वर्षों का जमीनी पत्रकारिता अनुभव। निष्पक्ष और प्रमाणिक समाचार रिपोर्टिंग के लिए समर्पित।









