Bokaro: बोकारो के बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार से जुड़ी तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मंगलवार देर रात ईंट भट्टा हरिजन टोला के पास हुआ। घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, महिला की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार सुबह मुआवजे की मांग को लेकर बोकारो थर्मल-नरकी मुख्य सड़क जाम कर दिया।
मृतका की पहचान हरिजन टोला निवासी फुलमतिया देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे फुलमतिया देवी अपने पति रेवलाल सिंह के साथ कंजकिरो में आयोजित काली पूजा मेला देखने जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कोयला लदी बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फुलमतिया देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद बाइक पर लदा कोयला सड़क पर बिखर गया। वहीं, बाइक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन समेत फरार हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने महिला के शव को रातभर घर में रखा। बुधवार सुबह मुआवजे और पीड़ित परिवार को उचित सहायता देने की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए और मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र यादव, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि मंजूर आलम, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि सुनील महतो और सुनील टाइगर समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और प्रशासन से सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।
बताया गया कि मृतका के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा हैं। महिला की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इधर, सड़क जाम के कारण बोकारो थर्मल-नरकी मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और हादसे के लिए जिम्मेदार बाइक चालक की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







