Bokaro Crime: मायके जानें की ऐसी जिद्द जिसने पत्नी को उतारा मौत के घाट। यह मामला झारखंड के बोकारे जिले के पिंडरा जोरा थाना क्षेत्र की है। यहाँ एक शख्स ने मामूली बात पर अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पूरी घटना की बात करें तो यह सनसनीखेज मामला चाकुलिया पंचायत के रामडी टोला का है। जहां मृतका सोनू देवी शनिवार रात अपने पति विकास रजवार और 13 महीने के मासूम बच्चे के साथ घर पर थी। विकास तमिलनाडु में मजदूरी करता है और करीब 10 दिन पहले ही गांव लौटा था।
बताया जा रहा है कि सोनू देवी पिछले कुछ दिनों से लगातार मायके जाने की जिद कर रही थी। शनिवार को बीती रात भी घर में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। विवाद के बाद सोनू देवी सोने चली गई, लेकिन विकास का गुस्सा शांत नहीं हुआ। रविवार सुबह जब सोनू गहरी नींद में थी, तभी विकास ने कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
Bokaro Crime: खुद पिता को दी हत्या की जानकारी
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद अपने पिता, शक्तिपद रजवार को इस खौफनाक कदम की जानकारी दी। पिता के जरिए सूचना पुलिस तक पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि लहूलुहान हालत में महिला का शव पड़ा था।
जिसके बाद घटना की गंभीरता को देखते हुए पिंडरा जोरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में एसआई शंकर कुमार ने बताया कि “हमें सूचना मिली थी कि चाकुलिया पंचायत में एक महिला की हत्या हुई है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी पति विकास रजवार को गिरफ्तार कर लिया है। हथियार (कुल्हाड़ी) बरामद कर ली गई है और मामले की विस्तृत छानबीन जारी है।”
मासूम के सिर से उठा मां का साया
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। विकास और सोनू का 13 महीने का एक बच्चा भी है। पिता जेल की सलाखों के पीछे है और मां की जान जा चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार, छोटी सी बात पर इस तरह का हिंसक कदम उठाना बेहद चौंकाने वाला है।












