Bokaro News: बोकारो जिले के कथारा क्षेत्र में सीबीआई धनबाद टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कथारा कोलियरी में छापेमारी की। इस दौरान कार्मिक प्रबंधक सुभाष चन्द्र पासवान और कथित बिचौलिया शमशुल हक को करीब 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई से पूरे सीसीएल क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
Bokaro News: भुगतान क्लियर करने के बदले मांगे थे 30 हजार रुपये
जानकारी के मुताबिक, सुरेश किस्कू ने सीबीआई से शिकायत की थी कि उनके पिता कारू मांझी के रिटायरमेंट के बकाया भुगतान के लिए रिश्वत मांगी जा रही है। आरोप था कि भुगतान क्लियर करने के बदले 30 हजार रुपये की मांग की गई थी।
Bokaro News: सीबीआई एसपी के निर्देश पर टीम ने मारी छापेमारी
शिकायत के आधार पर सीबीआई एसपी डीएल मीणा के निर्देश पर टीम बनाई गई। डीएसपी प्रियरंजन के नेतृत्व में जाल बिछाया गया और जैसे ही तय रकम सौंपी गई, टीम ने मौके पर छापा मारकर दोनों को पकड़ लिया।
छापेमारी देर रात तक चली और आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है। सीबीआई का कहना है कि मामले में आगे और खुलासे हो सकते हैं।












