Breaking News: झारखंड के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाकर 250 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। आगामी शैक्षणिक सत्र से रिम्स में 250 विद्यार्थियों का नामांकन होगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में नई क्रांति
इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह केवल सीटों में वृद्धि नहीं, बल्कि झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में नई क्रांति की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि झारखंड में डॉक्टरों की संख्या लंबे समय से राष्ट्रीय मानकों की तुलना में कम रही है। इसी कमी को दूर करने के लिए राज्य सरकार ने केंद्र सरकार एवं एनएमसी के समक्ष लगातार प्रभावी पैरवी की। इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं एनएमसी के अधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें हुईं, जिसके सकारात्मक परिणाम आज पूरे राज्य के सामने हैं।
एमजीएम में 150 और रिम्स में 250
डॉ. अंसारी ने कहा कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर में एमबीबीएस सीटें पहले ही 100 से बढ़ाकर 150 की जा चुकी हैं और अब रिम्स, रांची में सीटों की संख्या 180 से बढ़ाकर 250 कर दी गई है। आने वाले समय में राज्य के अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी एमबीबीएस एवं पीजी सीटों में वृद्धि की जाएगी। उन्होंने कहा कि एक अतिरिक्त एमबीबीएस सीट के लिए केंद्र सरकार से लगभग ₹1.4 करोड़ तक का निवेश राज्य को प्राप्त होगा, जिससे मेडिकल कॉलेजों में भवन, आधुनिक प्रयोगशालाएं, हॉस्टल, क्लासरूम, फैकल्टी एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे झारखंड में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।







