Breaking News: जगन्नाथपुर मंदिर हत्याकांड और दान पेटी चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
रांची के जगन्नाथपुर मंदिर में सुरक्षा गार्ड की हत्या और दान पेटी चोरी मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेन कर लिया है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से करीब 3 लाख रुपये नकद, दान पेटियों में लगे लोहे के छड़ और वारदात से जुड़े अन्य सामान भी बरामद किए हैं।
घटना को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने मंदिर की रेकी की
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बताया कि घटना को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने मंदिर परिसर की रेकी की थी। तीनों आरोपी उसी इलाके के रहने वाले हैं और मौके की पूरी जानकारी पहले से जुटा चुके थे। एसएसपी ने बताया कि 24 अप्रैल की रात आरोपियों ने मंदिर में घुसकर पहले सुरक्षा गार्ड पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने दान पेटी को तोड़कर उसमें रखे पैसे लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
इधर मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। लगातार छापेमारी और पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत किया जाएगा
जांच में यह भी सामने आया कि लूटे गए पैसों से आरोपियों ने कुछ नए कपड़े खरीदे थे और बाकी रकम अपने पास रखी थी। पुलिस ने चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली है। एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि इस मामले में शामिल सभी अपराधियों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए स्थानीय पुलिस और मंदिर प्रबंधन के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
आपको बता दे कि 24 अप्रैल की सुबह जब स्थानीय लोग मंदिर में भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने पहुंचे, तो देखा कि सुरक्षा में तैनात बिरसा मुंडा अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है, जिसके बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई, साथ ही पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश भी देखने को मिला था। लोगो ने सड़क जाम कर बिरसा मुंडा के परिजनों को उचित मुआवजा देने की बात कही थी। हालांकि आज पुलिस ने उस बस्ती के रहने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस अब मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्या कुछ कदम उठाती है।












