RanchiNews: रांची पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के गंगा नगर रोड नंबर 01 में छापेमारी कर ब्राउन शुगर तस्करी में शामिल एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया गया। इस कार्रवाई में 65 वर्षीय मोहिनी शर्मा उर्फ मोहिनी देवी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
कैसे हुई कार्रवाई?
कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहिनी शर्मा के घर से नशीले पदार्थों की तस्करी हो रही है। इसके बाद गठित विशेष टीम ने मोहिनी के घर पर छापा मारा, जहां से 50 पुड़िया (10.10 ग्राम) ब्राउन शुगर और एक रियलमी स्मार्टफोन जब्त किया गया।
दूसरी छापेमारी में मिले और आरोपी
मोहिनी शर्मा से पूछताछ के बाद पुलिस ने पहाड़ी मंदिर के पास दूसरी छापेमारी की। इसमें चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया:
- सुमित तिर्की (22) – इन्द्रपुरी रोड, रांची
- पारस कुमार उर्फ गोलू (25) – मूल निवासी लातेहार, वर्तमान में पंडरा
- मोहम्मद इस्माईल (29) – राजाहाता, रांची
- एक नाबालिग किशोर
जब्त सामान और नकदी
पुलिस ने तलाशी के दौरान 36.70 ग्राम ब्राउन शुगर, ₹63,640 नकद, चार स्मार्टफोन, और एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (JH19D 1458) जब्त की।
मोहिनी शर्मा पर पहले भी लगे हैं आरोप
डीएसपी ने यह भी बताया कि मोहिनी शर्मा इससे पहले भी नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुकी है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
सुखदेवनगर थाना में इस पूरे मामले में एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में गहन जांच कर रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









