सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाने में एक महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित तौर पर दुष्कर्म की कोशिश किए जाने का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। झारखंड प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष सीमा सिंह ने घटना पर नाराजगी जताते हुए राज्य सरकार और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
थाने में ही महिला सुरक्षा पर उठाए सवाल
सीमा सिंह ने कहा कि जिस थाने में महिलाओं को सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए, वहीं उनकी सुरक्षा पर सवाल खड़े होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिला पारिवारिक विवाद के सिलसिले में शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। भय के कारण वह रात में थाने में ही रुक गई थी। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है।
‘रक्षक ही भक्षक बन जाएं तो सुरक्षा कौन देगा‘
उन्होंने सवाल उठाया कि जब महिलाएं पुलिस थाने के भीतर ही सुरक्षित नहीं हैं, तो घर, सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर उनकी सुरक्षा की गारंटी कौन देगा? रक्षक ही भक्षक बन जाएं तो आम लोगों का पुलिस और कानून-व्यवस्था पर भरोसा कैसे कायम रहेगा?
महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सरकार को घेरा
भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष ने दावा किया कि हेमंत सोरेन सरकार के छह वर्ष से अधिक के कार्यकाल में महिलाओं और बच्चियों के साथ दुष्कर्म की 10 हजार से अधिक घटनाएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की जरूरत है।
सीमा सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर केवल आश्वासन दे रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने के भीतर इस तरह की कथित घटना सामने आना राज्य की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के दावों पर सवाल खड़े करता है।
निष्पक्ष जांच और आरोपी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग
सीमा सिंह ने राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने, आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने और पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही कहा कि जांच के नाम पर मामले की लीपापोती नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सरकार से पूरे मामले की सच्चाई जनता के सामने रखने की मांग करते हुए कहा कि पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









