Ranchi News: राज्यसभा सांसद अरुण सिंह आज रांची पहुंचे और बीजेपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राज्य की हेमंत सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि झारखंड आज भ्रष्टाचार, घोटालों और नक्सलवाद की गिरफ्त में है और इसके लिए पूरी तरह से मौजूदा सरकार जिम्मेदार है।
“माफिया सरकार के संरक्षण में करोड़ों कमा रहे हैं”- अरुण सिंह
अरुण सिंह ने कहा कि झारखंड में शराब घोटाला, बिजली घोटाला और अवैध खनन खुलेआम हो रहे हैं। माइनिंग धंस रही है और माफिया सरकार के संरक्षण में करोड़ों कमा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन का पैसा आया लेकिन जमीन पर कहीं काम नजर नहीं आ रहा। रोजगार योजनाओं में धांधली हो रही है, जबकि मईया सम्मान योजना में महिलाओं को ठगा जा रहा है।
“राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है”
सूर्या हांसदा एनकाउंटर का मुद्दा उठाते हुए अरुण सिंह ने कहा कि यह मामला गंभीर सवाल खड़े करता है। सरकार को बताना चाहिए कि आखिरकार किस परिस्थिति में सूर्या हांसदा को मौत के घाट उतारा गया। उन्होंने इसे जंगलराज की परिभाषा बताते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। और भाजपा इस मुद्दे को आखिर दम तक उठाते रहेगी।
read more- Bihar Assembly Elections 2025: अबकी बार कौन किस पर भारी? बिहार चुनाव को लेकर बड़ी खबर आई!
प्रेस वार्ता के दौरान अरुण सिंह ने यह भी घोषणा की कि भाजपा 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक स्वदेशी अपनाओ अभियान पूरे देश में व्यापक स्तर पर चलाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से आह्वान किया है कि विदेशी वस्तुओं को त्यागकर स्वदेशी को अपनाएं। इससे भारत और मजबूती से आगे बढ़ेगा।
“केंद्र सरकार ने जनता को बड़ी राहत दी”
उन्होंने GST की नई दरों पर बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने जनता को बड़ी राहत दी है। अब कई उपकरणों पर टैक्स घटाया गया है, यहां तक कि छात्रों की कॉपी-किताब तक सस्ती हो गई है।
अरुण सिंह ने तुष्टिकरण की राजनीति पर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि इसी वजह से ISIS जैसे संगठनों के कनेक्शन झारखंड तक पहुंच रहे हैं और दानिश जैसे आतंकी यहीं से पकड़े जा रहे हैं।
read more- लातेहार मेले में चाउमीन खाने से 35 बच्चे फूड पॉइजनिंग के शिकार












