चतरा: झारखंड के चतरा जिले में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चतरा पुलिस ने कुख्यात अपराधी Prince Khan उर्फ हैदर अली के दो मुख्य सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन से रंगदारी की रकम के लेन-देन और हवाला नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं।
क्या है पूरा मामला?
हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिंडरा निवासी प्रेमचंद सिंह की लिखित शिकायत के आधार पर हंटरगंज थाना कांड संख्या 206/2025 दर्ज किया गया था। शिकायत में Prince Khan और उसके सहयोगियों पर रंगदारी मांगने, धमकी देने और फायरिंग जैसी गंभीर घटनाओं को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
इस मामले में इससे पहले एक आरोपी कृप कुमार सिंह उर्फ आयुष की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके बाद पुलिस लगातार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी।
दो मुख्य सहयोगी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक चतरा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने 10 जुलाई 2026 को कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- अरशफ आलम (करीब 30 वर्ष), निवासी कायम नगर, थाना पीरो, जिला भोजपुर (बिहार)
- सहाब अंसारी, मूल निवासी कदीर नगर, थाना गोविंदपुर, जिला धनबाद (झारखंड), वर्तमान पता कायम नगर, मटियारी, थाना पीरो, जिला भोजपुर (बिहार)
मोबाइल से मिले अहम सबूत
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में प्रिंस खान और उसके अन्य सहयोगियों के बीच आर्थिक लेन-देन के प्रमाण मिले हैं। जांच में विदेशी संपर्क और हवाला के जरिए पैसों के आदान-प्रदान की बात भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
- वीवो कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन
- प्रिंस खान के सहयोगियों द्वारा भेजी गई रकम से जुड़े ट्रांजैक्शन डिटेल्स
बरामद किए हैं।
एक आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सहाब अंसारी के खिलाफ बिहार के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें धोखाधड़ी, जालसाजी, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमे शामिल हैं।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
चतरा पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और रंगदारी गिरोह के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








