Jharkhand News: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। नवंबर महीने में ही दिसंबर जैसी ठिठुरन शुरू हो गई है। हिमालय क्षेत्र से आ रही तेज बर्फीली हवाओं के कारण रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी समेत कई जिलों में कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। पिछले 24 घंटों में खूंटी का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो आमतौर पर दिसंबर के दूसरे सप्ताह में देखने को मिलता है। ठंड बढ़ने के साथ ही शाम 5 बजे के बाद बाजार और गलियां सुनसान होने लगी हैं और लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।
रांची और लोहरदगा में भी बढ़ी सर्दी
राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जबकि लोहरदगा में पारा 7 डिग्री तक लुढ़क गया है। तेज ठंडी हवाओं के कारण लोग दो-दो स्वेटर पहनकर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। मौसम की इस अचानक मार ने दैनिक गतिविधियों को भी प्रभावित किया है।
शाम 6 बजे ही वीरान हो रही हैं सड़कें
कुछ दिन पहले तक जहां शाम 6 बजे तक बाजारों में चहल-पहल रहती थी, अब वहीं ठंडी हवाओं और कोहरे की वजह से सड़कें सूनी दिखाई दे रही हैं। सिर्फ आवश्यक काम वाली गाड़ियाँ ही दिखाई दे रही हैं। लोग शाम की सैर और टहलना भी कम कर चुके हैं।
इन जिलों में पारा और गिर सकता है
मौसम विभाग के मुताबिक, आज गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग और आसपास के जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। अधिकतम तापमान 24–25 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह व शाम चलने वाली तेज हवाएं और कोहरा सर्दी को और बढ़ाएंगे।













