Jharkhand News: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने वर्ष 2026 की मैट्रिक और इंटर परीक्षाओं की आधिकारिक डेटशीट जारी कर दी है। परिषद के अनुसार दोनों परीक्षाएं 3 फरवरी 2026 से एक साथ शुरू होंगी। मैट्रिक परीक्षा 17 फरवरी को समाप्त होगी, जबकि इंटर की परीक्षाएं 23 फरवरी तक चलेंगी।
दो पालियों में होंगी परीक्षाएं
मैट्रिक परीक्षा पहली पाली में आयोजित की जाएगी, जिसका समय सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक रहेगा। वहीं इंटर परीक्षा दूसरी पाली में 2:00 बजे से 5:15 बजे तक होगी। छात्रों को प्रश्नपत्र पढ़ने हेतु अतिरिक्त 15 मिनट दिए जाएंगे।
JAC अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने बताया कि परीक्षा कार्यक्रम इस तरह तैयार किया गया है कि विद्यार्थियों को विषयों के बीच पर्याप्त तैयारी का समय मिल सके। साथ ही परीक्षा केंद्रों को पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
16-17 जनवरी से एडमिट कार्ड डाउनलोड
- मैट्रिक एडमिट कार्ड: 16 जनवरी 2026 से
- इंटर एडमिट कार्ड: 17 जनवरी 2026 से
एडमिट कार्ड JAC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे, जिन्हें स्कूल एवं कॉलेज डाउनलोड कर छात्रों को वितरित करेंगे। परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 12 दिसंबर 2025 तय की गई है।
24 फरवरी से शुरू होंगी प्रायोगिक परीक्षाएं
- मैट्रिक और इंटर की प्रायोगिक परीक्षाएं 24 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक आयोजित होंगी।
- मैट्रिक की प्रायोगिक सामग्री 18–21 फरवरी तक उपलब्ध कराई जाएगी।
- इंटर की प्रायोगिक सामग्री 20–23 फरवरी के बीच संस्थानों को दी जाएगी।
- प्रायोगिक एवं आंतरिक मूल्यांकन के अंक 25 फरवरी से 9 मार्च के बीच ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे।
सभी संस्थानों को अंकसूची की एक प्रति डीईओ कार्यालय में जमा करनी होगी। अधिकारियों के अनुसार, यदि उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में देरी नहीं हुई तो दोनों परीक्षाओं के परिणाम अप्रैल 2026 के अंतिम सप्ताह में जारी कर दिए जाएंगे।









