Chatra: चतरा जिले में टंडवा-सिमरिया मुख्य सड़क पर गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग माधो साव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीण सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, धनगड़ा गांव निवासी माधो साव अपने घर के सामने खड़े थे। इसी दौरान तेज गति से गुजर रहे कोयला लदे भारी वाहन ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
हादसे के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि टंडवा क्षेत्र में कोयला ढोने वाले भारी वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार बैठकें होती हैं, लेकिन उनका असर जमीन पर दिखाई नहीं देता। लोगों ने जिला परिवहन पदाधिकारी की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण नहीं होने से आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।
हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग
आक्रोशित ग्रामीणों ने इस घटना को महज सड़क दुर्घटना मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि यह प्रशासनिक लापरवाही और वाहन संचालकों की मनमानी का नतीजा है। लोगों ने संबंधित ट्रांसपोर्टरों और जिम्मेदार अधिकारियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
बढ़ सकता है आंदोलन
ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक और सांसद से भी जवाब मांगा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक कोयला वाहनों के अनियंत्रित परिचालन पर रोक नहीं लगती और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








