Chatra: चतरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टंडवा थाना क्षेत्र में लेवी मांगने, धमकी देने और आगजनी की घटना में शामिल उग्रवादी संगठन JJMP के सक्रिय सदस्य रविन्द्र सिंह उर्फ रविन्द्र सिंह खरवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को लोहरदगा जिले के जोबांग थाना क्षेत्र स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया।
NCC कंपनी को मिल रही थी लगातार धमकी
पुलिस के अनुसार आम्रपाली परियोजना में माइनिंग और ट्रांसपोर्टिंग का कार्य कर रही NCC लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों को पिछले कई दिनों से JJMP और TSPC संगठन के नाम पर धमकी भरे फोन कॉल आ रहे थे। आरोप है कि लेवी नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जा रही थी।
24 जनवरी 2026 की रात NCC कंपनी का एक VOLVO ट्रक कोयला उत्खनन कार्य में लगा हुआ था। इसी दौरान पांच अज्ञात अपराधियों ने ट्रक को रोककर सुपरवाइजर और ड्राइवर के साथ मारपीट की। इसके बाद ट्रक में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। घटनास्थल पर JJMP संगठन के नाम से पर्चा भी छोड़ा गया था।
पुलिस की गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
घटना के बाद टंडवा थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। 21 मई 2026 को चतरा पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि मामले में शामिल JJMP का सक्रिय सदस्य रविन्द्र सिंह अपने घर आया हुआ है। इसके बाद थाना प्रभारी पप्पु कुमार शर्मा के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
कई गंभीर धाराओं में दर्ज है मामला
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं और CLA एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
इलाके में बढ़ी सुरक्षा
इस घटना के बाद आम्रपाली परियोजना और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि उग्रवाद और लेवी वसूली के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।








