Dumka: दुमका जिले के रामगढ़ प्रखंड में एक आवासीय निजी स्कूल से 9 साल की छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में स्कूल संचालक इमानुएल मुर्मू पर आरोप लगाया गया है, जबकि स्कूल की शिक्षिका सह वार्डन नीली अनाकी टुडू पर छात्रा को आरोपी तक ले जाने और सहयोग करने का आरोप है। पुलिस ने वार्डन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि स्कूल संचालक फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के पिता ने रामगढ़ थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्कूल की वार्डन छात्रा को सदर प्रखंड स्थित एक घर ले गई थी, जहां स्कूल संचालक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के प्रावधान भी लगाए गए हैं।
वार्डन गिरफ्तार, संचालक की तलाश जारी
जरमुंडी के एसडीपीओ नवल किशोर सिंह के अनुसार, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वार्डन को गिरफ्तार कर लिया है। फरार स्कूल संचालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पीड़ित बच्ची की मेडिकल जांच भी कराई जा रही है।
स्कूल पहुंचकर ग्रामीणों ने किया विरोध
मामले की जानकारी सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर विरोध जताया और बाद में थाना पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। कुछ अभिभावकों ने आरोप लगाया कि स्कूल संचालक पहले भी बच्चियों के साथ गलत व्यवहार करता था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
एसडीपीओ ने शनिवार को रामगढ़ थाना पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए जांच कर रही है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







