Ranchi: रांची के उर्सुलाइन कॉन्वेंट गर्ल्स स्कूल में नोज पिन को लेकर शुरू हुए विवाद पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश सचिव एवं प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि शिक्षा के मंदिरों को राजनीतिक प्रयोगशाला बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक साधारण अनुशासनात्मक मामले को जानबूझकर सांप्रदायिक रंग देकर समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश की जा रही है।
ऋषीकेश सिंह ने कहा कि देश के अधिकांश सरकारी और निजी स्कूलों में निर्धारित यूनिफॉर्म और ड्रेस कोड लागू हैं। इनका उद्देश्य सभी विद्यार्थियों के बीच समानता, अनुशासन और भेदभाव रहित वातावरण बनाए रखना है। यदि किसी छात्रा से स्कूल के नियमों का उल्लंघन हुआ था, तो उसका समाधान स्कूल प्रबंधन, छात्रा और अभिभावकों के बीच बातचीत से निकाला जा सकता था।
स्कूल विवाद को सांप्रदायिक रंग देना दुर्भाग्यपूर्ण
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि विद्यालय प्रबंधन को अनुशासन लागू करते समय संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों की गरिमा और धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे।
भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जब झारखंड में भाजपा की सरकार थी, तब हजारों सरकारी स्कूल बंद किए गए। उनका आरोप था कि भाजपा को शिक्षा व्यवस्था सुधारने के बजाय ऐसे मुद्दों के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की चिंता है।
ऋषीकेश सिंह ने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और अभिभावकों से अपील की कि बच्चों के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए शिक्षा का माहौल शांत, सौहार्दपूर्ण और अनुशासित बनाए रखें। उनका कहना था कि विद्यालय ज्ञान, संस्कार और सामाजिक एकता के केंद्र हैं, इसलिए उन्हें राजनीतिक विवादों से दूर रखना जरूरी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








