Giridih: गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के दलान चलकरी गांव में मंगलवार की आधी रात को एक दंपती पर जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में मजदूर पति पतिया हांसदा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी परनी मरांडी गंभीर रूप से घायल हैं। घायल महिला का इलाज फिलहाल धनबाद के एक अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
आधी रात को गूंजी चीखें, लहूलुहान मिले पति-पत्नी
मृतक के परिजनों ने बताया कि घटना रात के करीब 12:30 बजे की है। पूरा परिवार घर पर सोया हुआ था, तभी अचानक कुछ अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर दंपती पर हमला बोल दिया। जब घर के भीतर से बच्चों के रोने और चीखने-चिल्लाने की आवाज आई, तो आस-पास के रिश्तेदार और ग्रामीण मौके पर दौड़े। वहां का नजारा बेहद खौफनाक था; पतिया और उनकी पत्नी खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे और मासूम बच्चे पास बैठकर रो रहे थे।
पुलिस महकमे में हड़कंप, जांच में जुटे SDPO
घटना की जानकारी मिलते ही मधुबन थाना पुलिस और डुमरी एसडीपीओ (SDPO) आबिद खान तुरंत एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पतिया हांसदा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
हत्या की वजह बनी अनसुलझी पहेली
परिजनों का कहना है कि पतिया एक सीधा-साधा मजदूर था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में उसकी हत्या क्यों की गई, यह बात किसी के गले नहीं उतर रही है। मामले पर डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने कहा, “मजदूर की हत्या के पीछे की वजहों को तलाशा जा रहा है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









