पुटकी: पुटकी थाना पुलिस ने श्रीनगर क्वार्टर में हुई लगभग चार लाख रुपये की चोरी का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर धनबाद जेल भेज दिया। उनकी गिरफ्तारी के बाद दो जोड़ी चांदी की पायल और 2,800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई पुटकी पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और तकनीकी जांच का परिणाम मानी जा रही है।
Read More: Ranchi Breaking News: रांची में होटल केन में रिपेयरिंग के दौरान मजदूर की दर्दनाक मौत
गिरफ्तार आरोपी — पहचान और पता
पुलिस ने जिन तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान इस प्रकार है—
- मो. अमानत अंसारी (पिता – सेराज अंसारी)
- मो. साहिल राइन उर्फ माडा (पिता – मो. नासिर राइन)
- मो. साबीर उर्फ प्रिंस (पिता – मो. अनवर)
तीनों आरोपी केन्दुआ नंबर–4 के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।
पीड़िता की अनुपस्थिति में दिया चोरी को अंजाम
पीड़िता साहना खातून ने 03 सितंबर को पुटकी थाना कांड संख्या 83/25 दर्ज कराई थी। अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि घटना की रात वह आसनसोल में थीं और उनके पति बिहार गए हुए थे। इस बीच अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने–चांदी के गहने और नकदी समेत लगभग चार लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया।
मुख्य आरोपी करता था लगातार रैकी
थाना प्रभारी वकार हुसैन के अनुसार, मुख्य आरोपी मो. साबीर उर्फ प्रिंस लोहा–कबाड़ खरीदने का ठेला चलाता था। इसी बहाने वह मुनीडीह, पुटकी, भागाबांध और केन्दुआडीह क्षेत्रों में नियमित रूप से घूमता था और घरों पर नजर रखता था।
घटना वाले दिन उसने दोपहर 11:30 बजे देखा कि भुक्तभोगी की पत्नी और बेटी घर से बैग लेकर निकल रही हैं। शाम को घर खाली देखकर उसने अपने साथियों को सूचना दी और रात करीब 1:30 बजे तीनों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
सीसीटीवी और गुप्त सूचना ने खोला राज
पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और गुप्त सूचना के आधार पर तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आगे की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी हुए अन्य सामान भी बरामद कर लिए जाएंगे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









