लातेहार/टोरी: टोरी रेलवे क्रॉसिंग पर लंबे समय से लगने वाले जाम और आम लोगों की परेशानियों को लेकर अब क्षेत्र के ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्र के लोगों ने एकजुट होकर आर-पार की लड़ाई लड़ने का फैसला किया है।
ग्रामीणों की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि टोरी में जल्द आरओबी निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके लिए आंदोलन की तिथि और रणनीति जल्द तय की जाएगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और पूरे प्रखंड के लोगों को इस अभियान से जोड़कर इसे जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा।
बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि टोरी रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन घंटों जाम लगने से आम जनता, स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार आपातकालीन सेवाएं भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे लोगों की जान तक खतरे में पड़ जाती है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि पहले चरण में संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों को आवेदन सौंपा जाएगा। इसके बावजूद मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर रेल रोको आंदोलन जैसे बड़े कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
बैठक में जिला परिषद सदस्य सरोज देवी, उप प्रमुख अश्विनी मिश्रा, संतोष सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, सुबोध जायसवाल, संतोष जायसवाल, प्रदीप ठाकुर सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में टोरी में आरओबी निर्माण को क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत बताते हुए सरकार और रेलवे प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








