Jharkhand: झारखंड के देवघर जिले के जमुनिया मोड़ के पास सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। कांवरियों से भरी एक बस की ट्रक से टक्कर में 5 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस भीषण सड़क दुर्घटना पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “इस हृदयविदारक हादसे की खबर से मन अत्यंत दुखी है। बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करने जा रहे श्रद्धालु कांवरियों की इस तरह की अकाल मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और घायल श्रद्धालु शीघ्र स्वस्थ हों।”
प्रशासन से की तत्काल सहायता की मांग
डॉ. वर्मा ने झारखंड सरकार और देवघर जिला प्रशासन से आग्रह किया कि:
- सभी घायलों को तत्काल और समुचित चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए।
- मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि श्रावणी मेला जैसे विशाल धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा प्रबंधन और ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है।













