Dhanbad: धनबाद जिले के ढांगी पहाड़ी की तलहट्टी के पास 11 सितंबर को सिर कटी युवती का शव मिलने के मामले का बलियापुर पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, युवती की हत्या प्रेम विवाह से नाराजगी के चलते साजिश रचकर की गई थी। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार समेत मृतिका की चप्पल, पूजा सामग्री और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
युवती का सिर धड़ से अलग बरामद हुआ था
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को बलियापुर थाना प्रभारी को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली थी कि ढांगी पहाड़ी की तलहट्टी के पास एक युवती का सिर कटा शव पड़ा है। सूचना पर गश्ती दल ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो शव मिला। कुछ दूरी पर एक बोरे में युवती का सिर भी बरामद किया गया। घटनास्थल पर पहुंचे संदीप रवानी ने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी 9 सितंबर से लापता थी।
प्रेमी के पिता ने दिया था घटना को अंजाम
मृतिका के पिता के लिखित आवेदन पर बलियापुर थाना कांड संख्या 155/2026, दिनांक 11 सितंबर 2026 के तहत धारा 103(1)/238/3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर सिंदरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रकाश चन्द्र महतो के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई।
पुलिस का कहना है कि अनुसंधान के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में जयराम रवानी, किशोर महतो, आलोमनी देवी और राम प्रसाद रजवार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
Read More- कोडरमा घाटी में भीषण सड़क हादसा-दो ट्रेलरों के टक्कर में चालक की मौत
प्रेम विवाह से नाराजगी बनी हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक, अनुसंधान में सामने आया कि मृतिका ने संतोष रवानी के पुत्र कृष रवानी से प्रेम विवाह किया था। बताया गया है कि यह विवाह संतोष रवानी को पसंद नहीं था। पुलिस का आरोप है कि इसी नाराजगी में लड़की को रास्ते से हटाने के लिए साजिश रची गई और योजनाबद्ध तरीके से उसकी हत्या कर शव व साक्ष्य को छिपाने का प्रयास किया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
Read More- Breaking News: गैंगस्टर प्रिंस खान का भाई बंटी कोलकाता से गिरफ्तार, विदेश भागने के फिराक में था
गिरफ्तार आरोपी
जयराम रवानी, किशोर महतो, आलोमनी देवी, राम प्रसाद रजवार
सामान बरामदगी
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बड़ा धारदार छुरा, मृतिका की चप्पल, पूजा सामग्री और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









