Dhanbad: गोविंदपुर अंचल कार्यालय में जमीन के रिकॉर्ड में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। दामकाड़ा बरवा मौजा में वर्षों से मकान बनाकर रह रहे एक रैयत परिवार ने आरोप लगाया है कि उनकी 19 डिसमिल जमीन को बिना स्थल जांच के दूसरे व्यक्ति के नाम पंजी-2 में दर्ज कर दिया गया। रिकॉर्ड में सुधार की मांग को लेकर मंगलवार को परिवार के कई सदस्य गोविंदपुर अंचल कार्यालय पहुंचे और मुख्य द्वार पर बैठकर विरोध जताया।
पीड़ित परिवार के रामदेव महतो, झरी महतो, चेतलाल महतो, लक्ष्मीकांत साव, सुनील साव, रूपलाल महतो, चंपा देवी, गीता देवी और सुनीता देवी समेत अन्य परिजनों ने पंजी-2 में सुधार की मांग की। इस दौरान परिजनों ने अंचल कार्यालय के खिलाफ नारेबाजी भी की। बाद में अंचल अधिकारी के निर्देश पर प्रभारी अंचल निरीक्षक ने परिजनों को समझाया और पंजी-2 में सुधार की प्रक्रिया को लेकर कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद वे लौट गए। हालांकि परिवार के सदस्य उसी दिन रिकॉर्ड सुधार की मांग पर अड़े रहे।
1962 में खरीदी जमीन, 1965 से मकान बनाकर रहने का दावा
मामला गोविंदपुर अंचल के हल्का नंबर-3 स्थित दामकाड़ा बरवा मौजा का बताया जा रहा है। जमीन के रैयत रामदेव कुमार महतो, पिता स्वर्गीय बाउरी महतो ने धनबाद उपायुक्त और गोविंदपुर अंचल अधिकारी को आवेदन देकर मामले की जांच और पंजी-2 में दर्ज कथित गलत प्रविष्टि को रद्द करने की मांग की है।
रामदेव महतो के अनुसार उनके पिता बाउरी महतो ने वर्ष 1962 में जमीन खरीदी थी। परिवार का दावा है कि वर्ष 1965 से इस जमीन पर मकान बनाकर वे रह रहे हैं। वर्तमान में भी जमीन पर उनका दो तल्ला मकान बना हुआ है।
खाता 131 और प्लॉट 1767 की जमीन पर विवाद
आवेदन में रामदेव कुमार महतो ने आरोप लगाया है कि पूर्व अंचल अधिकारी धर्मेंद्र दुबे के कार्यकाल में उनकी जमीन को पंजी-2 में दूसरे व्यक्ति के नाम दर्ज कर दिया गया। उनके अनुसार खाता नंबर 131 और प्लॉट नंबर 1767 की 19 डिसमिल जमीन गोकुल महतो के नाम से दर्ज की गई है।
आवेदक ने पंजी-2 की भाग संख्या वर्तमान-1 और पृष्ठ संख्या 1014 का भी उल्लेख किया है। उनका कहना है कि जमीन से संबंधित पुराने दस्तावेज उनके परिवार के पास मौजूद हैं। परिवार के पास खतियान होने के साथ वर्ष 2022 तक जमीन का लगान भी अपडेट होने का दावा किया गया है।
स्थल जांच नहीं करने का लगाया आरोप
रैयत परिवार ने आरोप लगाया है कि पंजी-2 में नाम दर्ज करने से पहले राजस्व कर्मचारी, अंचल निरीक्षक या अंचल अधिकारी की ओर से जमीन की वास्तविक स्थिति की स्थल जांच नहीं की गई। परिवार का कहना है कि यदि स्थल निरीक्षण किया जाता तो यह स्पष्ट हो जाता कि जमीन पर उनका दो तल्ला मकान बना हुआ है और वे लंबे समय से वहां रह रहे हैं।
परिवार ने सवाल उठाया है कि जब जमीन से संबंधित पुराने दस्तावेज उपलब्ध हैं और उस पर वर्षों से मकान बना हुआ है, तो किस आधार पर जमीन को किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पंजी-2 में दर्ज किया गया।
बिचौलिये की भूमिका का भी आरोप
आवेदक रामदेव महतो ने मामले में तुलसी महतो नामक व्यक्ति की कथित भूमिका होने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पंजी-2 में दर्ज प्रविष्टि के आधार की जांच करने और यदि किसी स्तर पर नियमों की अनदेखी हुई है तो जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
परिवार का कहना है कि रिकॉर्ड में दूसरे व्यक्ति का नाम दर्ज होने से वे मानसिक तनाव में हैं। उन्हें आशंका है कि समय रहते रिकॉर्ड में सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में जमीन और मकान को लेकर विवाद बढ़ सकता है।
रिकॉर्ड में सुधार नहीं हुआ तो अनशन की चेतावनी
रामदेव महतो ने चेतावनी दी है कि यदि पंजी-2 में दर्ज कथित गलत प्रविष्टि को रद्द कर जमीन का रिकॉर्ड दुरुस्त नहीं किया गया तो वे पूरे परिवार के साथ गोविंदपुर अंचल कार्यालय के मुख्य गेट पर अनशन करेंगे। उन्होंने धनबाद उपायुक्त से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पूर्व अंचल अधिकारी से नहीं मिल सका पक्ष
मामले में पूर्व अंचल अधिकारी धर्मेंद्र दुबे का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। उनकी ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।
जांच के बाद स्पष्ट होगी वास्तविक स्थिति
वर्तमान गोविंदपुर अंचल अधिकारी यशवंत कुमार सिन्हा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने बताया कि राजस्व उप निरीक्षक के माध्यम से मामले की जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जमीन और पंजी-2 में दर्ज प्रविष्टि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
जमीन के रिकॉर्ड में कथित गड़बड़ी के इस मामले में अब राजस्व विभाग की जांच पर सभी की नजर है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पंजी-2 में दूसरे व्यक्ति का नाम किस आधार पर दर्ज किया गया और इस प्रक्रिया में कहीं नियमों की अनदेखी हुई या नहीं।
ये भी पढ़ें: Share Market Today: सेंसेक्स-निफ्टी में तेजी! निवेशकों ने इन शेयरों पर लगाया बड़ा दांव
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।








