Dhanbad News: धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कासियाटांड़ स्थित 8 लेन के पास बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद पड़े पत्थर क्रेशर के समीप करीब 80 फीट गहरी खदान के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
Dhanbad News: शव से आने लगी थी तेज दुर्गंध
सूचना पाकर बरवाअड्डा थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार शव से तेज दुर्गंध आ रही है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि घटना दो से तीन दिन पुरानी हो सकती है।
मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
Dhanbad News: हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय निवासी मनोहर महतो ने बताया कि आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर शव को खदान में फेंक दिया गया हो। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है और यह स्पष्ट नहीं है कि मृतक कहां का रहने वाला था।
खदान की अधिक गहराई के कारण शव को बाहर निकालना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। पुलिस की टीम शव को निकालने के प्रयास में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









