Ranchi: चुनाव आयोग की आंतरिक कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सामने आई रिपोर्टों के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने रांची में प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी की रांची जिला और महानगर समिति के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रदर्शन 30 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे लोक भवन के समक्ष किया जाएगा।
JMM का कहना है कि मीडिया रिपोर्टों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल के दौरान आयोग के दो अन्य चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी द्वारा पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्ति दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। रिपोर्टों के अनुसार, ये आपत्तियां मतदाता पंजीकरण, नाम हटाने, फॉर्म-6 में बदलाव और मतदाता डेटा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर थीं।
मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी की मांग करेगा JMM
हालांकि, चुनाव आयोग ने इन रिपोर्टों पर सफाई देते हुए कहा है कि SIR समेत आयोग के सभी निर्णय तीनों चुनाव आयुक्तों की सहमति से लिए गए हैं और उठाए गए सवाल निर्णय प्रक्रिया के मसौदा चरण से जुड़े थे।
JMM ने कहा है कि वह इन मुद्दों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी की मांग करेगा। प्रदर्शन में रांची से जुड़े केंद्रीय समिति के पदाधिकारी, सांसद, विधायक और पार्टी के विभिन्न स्तरों के नेता व कार्यकर्ता शामिल होंगे।








