Dhanbad News: दिल्ली में सोमवार शाम हुए बम धमाके के बाद पूरे झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में धनबाद जिले में भी पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सोमवार को सभी थाना क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
धनबाद प्रशासन हाई अलर्ट पर..
धनबाद पुलिस के अधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैदी से जांच में जुटे रहे। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस टीमों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की तलाशी ली। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और पहचान पत्रों की जांच की गई।
सरहदी इलाकों में बढ़ाई गई चौकसी
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, शॉपिंग मॉल और बाजारों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। जीआरपी और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले यात्रियों की सघन जांच की, जबकि बस स्टैंड पर यात्रियों के सामान की भी गहन जांच की जा रही है।
Read more- धर्मेंद्र के निधन की खबर झूठी, बेटी ईशा देओल ने बताई सच्चाई
धनबाद के सरहदी इलाकों में चौकसी बढ़ाई गई है। पश्चिम बंगाल और अन्य सीमावर्ती जिलों से आने-जाने वाले वाहनों की भी तलाशी ली जा रही है।
वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि दिल्ली की घटना को देखते हुए जिले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की सूचना तुरंत डायल 112 पर दें। पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि किसी भी लावारिस वस्तु को हाथ न लगाएं और तुरंत इसकी जानकारी निकटतम थाने को दें।












